गौरीगंज (अमेठी)। जन्म-मृत्यु व परिवार रजिस्टर प्रमाण पत्र आवेदन निस्तारित करने में लापरवाही बरतना जिले के सभी एडीओ पंचायत को भारी पड़ा। बुधवार को एडीएम ने पोर्टल पर समीक्षा की तो आवेदन निर्धारित समय के बाद भी लंबित मिले। आवेदन लंबित होने से नाराज एडीएम ने सभी को नोटिस जारी कर जवाब देते हुए आवेदन निस्तारित करने का निर्देश दिया है।
आम नागरिकों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में परेशानी से बचाने के लिए शासन की ओर से ई-डिस्ट्रिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन व निर्गत करने की व्यवस्था बनाई गई है। पोर्टल पर आवेदन के 15 दिन के अंदर आवेदक को प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने का प्रावधान है। लॉकडाउन अवधि में पोर्टल पर आवेदन लंबित रहने की जानकारी होने पर बुधवार को एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने ऑनलाइन समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान जन्म प्रमाण पत्र के तिलोई ब्लॉक में पांच, भादर में नौ, शुकुल बाजार में 19 व संग्रामपुर में आठ तो मृत्यु प्रमाण पत्र के जगदीशपुर में एक, भादर में दो, शुकुल बाजार में तीन व संग्रामपुर में 10 आवेदन लंबित मिले। इसी तरह परिवार रजिस्टर नकल के गौरीगंज, तिलोई, भादर, बहादुरपुर, भेटुआ में एक-एक, जगदीशपुर में आठ, मुसाफिरखाना, संग्रामपुर व अमेठी में दो-दो तथा बाजार शुकुल में नौ आवेदन लंबित मिले।
जिम्मेदारों की ओर से समय सीमा में आवेदन निस्तारित नहीं करने से नाराज एडीएम ने सभी को नोटिस जारी कर तत्काल लंबित आवेदन निस्तारित करने तथा भविष्य में पोर्टल पर आवेदित आवेदन को समय से निस्तारित करते हुए जवाब मांगा है। एडीएम ने आवेदन निस्तारित नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।