फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: टाेंटी में पानी नहीं, रास्ते भी बदहाल

Sun, 22 Sep 2024 04:12 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। सड़क और पेयजल दोनों बुनियादी सहूलियतों में शुमार हैं, लेकिन जल जीवन मिशन ने एक की व्यवस्था बनाने की कोशिश में दूसरे की सूरत बिगाड़ दी। मिशन के तहत जिले के गांवों में पाइप लाइन के जरिये घर-घर पानी का इंतजाम किया जाना था। गांवों में सड़कों को खोदकर पाइपलाइन बिछाई गई। नलकूपों की बोरिंग के साथ ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन डेढ़ साल बाद भी नतीजा सिफर है। ग्रामीणों को टोंटी से पानी नहीं मिल पाया, ऊपर से पहले से दुरुस्त रास्ता भी खराब हो गया। कार्य में लगे ठेकेदारों ने सड़क खोदकर पाइपलाइन बिछा दी, लेकिन गड्ढे पाटने की जहमत नहीं उठाई।
विज्ञापन

आए दिन चोटिल हो रहे ग्रामीण
बाजारशुकुल (अमेठी)। क्षेत्र के हुसैनपुर ग्राम पंचायत में घर-घर पानी पहुंचाने के लिए ठेकेदार ने एक वर्ष पहले रास्तों को खोदकर पाइपलाइन डाली थीं। अब तक पाइपों को एक-दूसरे से जोड़ा तक नहीं गया है। सड़क व खड़ंजे के बगल में पाइप डालने के लिए खोदे गए गड्ढे अभी तक खुले पड़े हैं।
ग्रामीण राम प्रसाद, शकील, संतराम ने बताया कि अधिकारियों से शिकायत की जाती है तो कोई नया ठेकेदार आकर थोड़ा काम करवाकर चला जाता है। एक वर्ष में कई ठेकेदार गांव में काम कर चुके हैं। फिर भी काम अधूरा है। आए दिन ग्रामीण गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
विज्ञापन


पैदल चलना भी दूभर
भादर (अमेठी )। क्षेत्र के गांवों में जल जीवन मिशन योजना की प्रगति बेहद धीमी है। अधिकतर स्थानों पर काम ठप पड़े हैं। आलमपुर गांव में ओवरहेड टैंक का निर्माण अधूरा है। यही हाल त्रिसुंडी गांव का है। यहां टंकी का निर्माण 50 फीसदी भी पूरा नहीं हुआ है। त्रिसुंडी गांव में खड़ंजे को उखाड़कर पाइप लाइन डाल दी गई थी। इसके बाद खड़ंजे को ठीक नहीं किया गया। इस मार्ग पर राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर है। यही हाल अग्रेसर नरायनपुर के बीच खड़ंजे का है।

पाइप लाइन डालने के बाद नहीं दुरुस्त की सड़क
मुसाफिरखाना (अमेठी)। ब्लॉक के कोछित में ओवरहेड टैंक बनाने के लिए गड्ढा खोदा गया है। गड्ढे में बरसात का पानी भरा है। जिससे टैंक का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिवदर्शन सिंह ने बताया कि इंटरलॉकिंग सड़क खोदकर पाइप लाइन डाल दी गई थी। अब तक गड्ढे को समतल नहीं किया गया। इसी रास्ते से लोग दंडेश्वर धाम आते-जाते हैं। रास्ता क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों को परेशानी होती है।

लखनीपुर में धंसी सड़क
जगदीशपुर (अमेठी)। दौलतपुर निसूरा में पंप हाउस का निर्माण, सोलर पैनल का निर्माण, बोरिंग का कार्य पूरा हो चुका है। पानी की टंकी निर्माणाधीन है। टंकी का ऊपर का हिस्सा नहीं बना है। लखनीपुर में पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क के किनारे गड्ढे बने हैं। इससे राहगीरों को दिक्कतें हो रही हैं।

खोदे गए गड्ढे भरवाए जाएंगे
जल जीवन मिशन का कार्य हर हाल में दिसंबर तक पूरा किया जाना है। कोशिश है कि नवरात्र में कार्य पूरा कर लिया जाए। दो अक्तूबर तक पाइप लाइन डालने के लिए खोदे गए गड्ढे भरवा दिए जाएंगे। इस दिशा में लगातार कार्य चल रहा है। समय से कार्य नहीं पूरा होने पर कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। - एके राय, अधिशासी अभियंता, जल निगम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें