अमेठी सिटी। धान की फसल में इन दिनों यूरिया की डिमांड बढ़ गई है। विक्रेता मनमानी न कर सके व निर्धारित रेट पर किसानों को उर्वरक मिल सके, इसके लिए शुक्रवार को संयुक्त टीम ने उर्वरक दुकान व गोदाम का निरीक्षण किया। शुक्रवार को 27 दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के लिए नौ नमूना संग्रहित करते हुए कमी मिलने पर एक विक्रेता को नोटिस जारी कर जवाब देने का आदेश दिया।
जांच के दौरान उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों व गोदामों पर रेट बोर्ड, उर्वरक प्राधिकार पत्र, स्टॉक और बिक्री रजिस्टर, कैश मेमो, पीओएस मशीन से उर्वरकों की बिक्री की जांच की गई। उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि सभी किसानों को खतौनी के अंश के अनुसार ही पीओएस मशीन के माध्यम से बिक्री करने की बात कही।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश यादव ने बताया कि जांच के दौरान 27 दुकानों का निरीक्षण किया गया। नौ संदिग्ध नमूनों को एकत्र करके प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया है। सैंपल मिसब्रांडेड होने की दशा में विधिक कार्रवाई की जाएगी। बताया कि जांच के दौरान दुकान के अभिलेखों में कमी मिलने पर एक विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब देने को कहा गया है।