जगदीशपुर। क्षेत्र में शनिवार और रविवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जगदीशपुर-जामों मार्ग पर संभई गांव के पास दो बाइकों की भिड़ंत में जामों के पूरे राघव पंडित निवासी संजय विश्वकर्मा (29), उनके पिता शिव कुमार (55) और दूसरी बाइक पर सवार पूरे भगवानदीन दुबे निवासी उत्तेज कुमार उर्फ रिंकू (35) घायल हो गए। रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर जगदीशपुर के श्रीरामगंज चौराहे के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में रायबरेली जिले के मिल एरिया स्थित बंदीपुर निवासी विकास (18) और मोहनगंज के बेनी गांव निवासी उनके बुआ के बेटे मुकेश (18) घायल हो गए। दोनों बाइक से घर जा रहे थे।
कमरौली थाने के बगल स्थित पेट्रोल पंप पर ट्रक की चपेट में आने से एंबुलेंस चालक परवीन कुमार (30) घायल हो गए। बाराबंकी जिले के दरियाबाद क्षेत्र के वोटवा निवासी परवीन डीजल भरवाने के बाद एंबुलेंस का ढक्कन बंद कर रहे थे। इसी दौरान पास खड़ा ट्रक आगे बढ़ने लगा और वह उसकी चपेट में आ गए।
रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के थौरी स्थित आम घाट पुल के पास रविवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। सिरयारी निवासी तनवीर (18) के मुताबिक वह गांव के दिलीप कुमार (26) और तालिब (23) के साथ बाइक से हलियापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। सीओ अतुल सिंह ने बताया कि घायलों के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। बाइक सवारों ने हेलमेट पहना था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है।