अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेलखंड पर ट्रेनों के विलंबित संचालन से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। मंगलवार को नीलांचल एक्सप्रेस निरस्त रही जबकि कई अन्य ट्रेनें घंटों देरी से चलीं। जिससे रेलवे स्टेशन पहुंचे यात्रियों को परेशानी हुई।
आनंद विहार से पुरी जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस के निरस्त रहने से गौरीगंज और अमेठी स्टेशन से यात्रा करने वाले बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए। यात्रियों को अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। दिल्ली से दानापुर जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस सोमवार रात 11:56 बजे गौरीगंज पहुंचनी थी लेकिन यह ट्रेन मंगलवार सुबह 08:58 बजे पहुंची। करीब नौ घंटे की देरी के कारण यात्रियों को पूरी रात प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ा। संगम स्पेशल भी निर्धारित समय सुबह 09:13 बजे के बजाय 11:14 बजे पहुंची।
डाउन पद्मावत एक्सप्रेस करीब दो घंटे लेट रही। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनें 50 मिनट से डेढ़ घंटे की देरी से चलीं। यात्रियों ने बताया कि ट्रेनों के समय से न चलने से बार-बार परेशानी उठानी पड़ रही है। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि तकनीकी कारणों से नीलांचल एक्सप्रेस का संचालन निरस्त रहा। अन्य ट्रेनों का संचालन सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।