फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: धूमधाम से हुआ नववर्ष का आगाज, लोगों ने मनाया जश्न

Thu, 02 Jan 2025 12:46 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
टीकरमाफी ​स्थित हनुमानगढ़ी धाम में नव वर्ष पर दर्शन करने के बाद सेल्फी लेती महिलाएं। 
विज्ञापन
अमेठी सिटी। नए साल का लोगों ने बड़े ही उत्साह के साथ स्वागत किया। सुबह परिजनों संग मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन कर मनौती मांगी। स्कूल, कॉलेज व कार्यालयों में एक-दूसरे को उपहार देकर शुभकामनाएं दी। सोशल मीडिया पर भी रात से बधाई देने का सिलसिला शुरू हुआ जो पूरे दिन जारी रहा। बच्चों ने भी परिजनों संग बाजार पहुंच मेले का आनंद उठाते हुए जमकर धमाल मचाया।
विज्ञापन

गौरीगंज शहर स्थित लोदी बाबा धाम व बूढन माता धाम, भवनशाहपुर स्थित दुर्गन भवानी धाम, ताला स्थित प्राचीन शिवालय में लोगों ने आराधना कर नए साल के पहले दिन की शुरुआत की। होटल व रेस्टोरेंट में दोपहर से ही लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। अलग-अलग स्थानों पर लगे डीजे पर युवाओं ने थिरक कर नए वर्ष का स्वागत किया। कहीं पर लोगों ने केक काटकर नया साल मनाया। नववर्ष के पहले दिन कड़ाके की सर्दी के बावजूद लोगों का जोश उफान पर रहा।
दिन में कॉलेज, स्कूल व कार्यालयों में लोग एक-दूसरे को बधाई देते रहे। बीएसए कार्यालय परिसर में भी बुधवार को बीएसए संजय कुमार तिवारी की ओर से भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीआईओएस डॉ. राजेश द्विवेदी, एआरटीओ सर्वेश सिंह सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन


बुके खरीदने में युवा सबसे आगे
नववर्ष का लोगों ने नई उम्मीदों के साथ स्वागत किया। बुधवार को बेकरी, गिफ्ट शॉप, फूल व बुके की दुकानों पर भारी भीड़ दिखाई पड़ी। फूलों व गिफ्ट की दुकानों पर युवाओं की ज्यादा भीड़ रही। इसके अलावा लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने करीबियों और शुभचिंतकों को नए साल की बधाई दी।


हवन-पूजन कर की लोक कल्याण की कामना
भादर (अमेठी)। ब्लॉक क्षेत्र के त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर स्थित मंदिर में आंग्ल नववर्ष के अवसर पर बुधवार को हवन-पूजन कर लोक कल्याण की कामना की गई। डीआईजी जीसी राजेंद्र प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में अधिकारियों ने हवन पूजन कर क्षेत्र, प्रदेश व देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि व स्वस्थ जीवन की कामना की। इस दौरान कमांडेंट अमित सिंह, सहायक कमांडेंट अमित सिंह, सुरेंद्र अभिषेक के अलावा हरीबाबू, रामसहाय, अखिलेश पांडेय सहित अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे। वहीं, टीकरमाफी स्थित श्रीमत् स्वामी परमहंस आश्रम में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने नए वर्ष के पहले दिन पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि व यश की कामना की। परिसर स्थित आकर्षण का केंद्र बने हनुमानगढ़ी धाम में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर की सीढि़यों और मंदिर के सामने श्रद्धालुओं ने खूब सेल्फी भी ली।

सुरक्षा के रहे इंतजाम
नववर्ष के पहले दिन शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए एसपी अपर्णा रजत कौशिक, एएसपी हरेंद्र कुमार, सभी सीओ और थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे। पैदल गश्त करने के साथ ही होटलों व सार्वजनिक स्थानों पर पहरा रहा। गौरीगंज में अलग से इसके लिए टीम गठित की गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें