टीकरमाफी स्थित स्वामी परमहंस आश्रम में नववर्ष पर द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन करते श्रद्धालु।
अमेठी सिटी। नववर्ष का आगाज आस्था, उल्लास और उत्साह के साथ हुआ। बृहस्पतिवार रात 12 बजते ही शहर और कस्बों में हैप्पी न्यू ईयर की गूंज सुनाई दी। लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। कहीं केक काटा गया तो कहीं गीत-संगीत के बीच नए साल का स्वागत हुआ। युवाओं ने आतिशबाजी कर खुशियां जाहिर कीं।
सुबह होते ही लोगों ने परिजनों संग मंदिरों में दर्शन कर वर्ष की शुरुआत की। गौरीगंज, सिंहपुर, संग्रामपुर और भादर क्षेत्र के धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। होटल और रेस्तरां में दोपहर से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। बाजारों में फूल, उपहार और मिठाइयों की दुकानों पर चहल-पहल दिखी। कड़ाके की ठंड के बावजूद उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
शिक्षण संस्थानों, कॉलेजों और प्रशिक्षण केंद्रों में विद्यार्थियों ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई दी। पार्कों और खुले स्थानों पर परिवार संग पहुंचे लोगों ने समय बिताया। बच्चों ने खेलकूद और झूलों का आनंद लिया। बुजुर्गों ने सैर कर दिन की शुरुआत की।
नववर्ष की पूर्व संध्या पर होटल और रेस्तरां में आयोजित पार्टियों में युवा देर रात तक जुटे रहे। चौराहों पर पुलिस गश्त करती रही। सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देने का सिलसिला रात से शुरू होकर पूरे दिन जारी रहा। लोगों ने नए वर्ष की शुरुआत सकारात्मक सोच और नई उम्मीदों के साथ की। आरआरपीजी कॉलेज, मनीष महिला महाविद्यालय और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों में छात्रों ने केक काटकर नववर्ष की खुशियां साझा कीं।