अमेठी सिटी। एक अप्रैल से शिक्षा सत्र 2026-27 का शुभारंभ होने जा रहा है। इसके लिए मंगलवार को ही छात्र-छात्राओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कई बच्चे बुधवार को पहली बार स्कूल में प्रवेश के लिए पहुंचेंगे। वहीं स्कूल चलो अभियान के तहत गौरीगंज स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में रैली संग अन्य कार्यक्रमों के बीच सत्र का शुभारंभ होगा। यहां नए प्रवेश लेने वाले बच्चों संग मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा।
जिले के परिषदीय विद्यालयों संग मान्यता प्राप्त व अन्य निजी विद्यालयों में नए सत्र में कक्षाओं के संचालन व बच्चों के प्रवेश को लेकर उत्साह है। बीते वर्ष 1573 परिषदीय विद्यालयों में करीब 1.32 लाख बच्चे पंजीकृत रहे। मंगलवार को वर्ष 2025-26 शिक्षा सत्र का समापन हो गया। बुधवार से नए शिक्षा सत्र का संचालन शुरू होगा।
मंगलवार को स्कूलों में छात्र-छात्राओं के बेहतर पठन-पाठन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं। बताते चलें कि नए सत्र में जिले को अब तक करीब 70 फीसदी किताबें मिल गई हैं जो खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के माध्यम से स्कूलों में भेजी जा रही हैं।
पहले दिन बच्चों को नई किताबें भी उपलब्ध कराई जाएंगी। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि नए सत्र में कक्षाओं के संचालन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्कूलों में आने वाले बच्चों का स्वागत किया जाएगा।