राजकीय हाईस्कूल अमेठी में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते विद्यार्थी। संवाद
अमेठी सिटी। मिशन प्रबोधन के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीय हाईस्कूल अमेठी में शैक्षिक गोष्ठी और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत संवाद सत्र से हुई, जिसमें छात्राओं ने विषय संबंधित सवाल रखे। शिक्षकों ने सरल भाषा में उत्तर प्रस्तुत कर सीखने की प्रक्रिया को सहज बनाया। छात्राओं की जिज्ञासा और सहभागिता से गोष्ठी का वातावरण अध्ययनपूर्ण बना रहा।
संवाद के बाद प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में नटरलिया वर्मा ने बेहतर प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया। कामिनी दूसरे और निधि तीसरे स्थान पर रहीं। छात्राओं ने विषयगत जानकारी और त्वरित उत्तर देने की क्षमता दिखाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की तैयारी की सराहना की। निबंध प्रतियोगिता में भी नटरलिया वर्मा पहले स्थान पर रहीं। अंजली ने दूसरा और ललिता सरोज ने तीसरा स्थान पाया।
विषय चयन, अभिव्यक्ति और लेखन शैली के आधार पर मूल्यांकन किया गया। छात्राओं ने सामाजिक और शैक्षिक मुद्दों परविचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. अनुज मौर्य ने कहा कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और अनुशासन सीखने की प्रक्रिया के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में धैर्य और आत्मविश्वास से बेहतर परिणाम मिलते हैं। कठिन विषयों को समझने की निरंतर कोशिश ज्ञान को मजबूत बनाती है। नोडल शिक्षक राम अवध पाल ने लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच और अभ्यास पर जोर दिया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेताओं को मंच पर सम्मानित कर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में शिक्षक प्रदीप यादव, परिक्रमाशंकर और दानबहादुर उपस्थित रहे।