मुसाफिरखाना (अमेठी)। इसौली रोड स्थित जामा मस्जिद के पास चल रही दुर्गा पूजा में लाउडस्पीकर के मुद्दे पर सोमवार को दुर्गा पूजा समिति और मस्जिद कमेटी के बीच आपसी सहमति बन गई। दोनों पक्षों ने सौहार्द बनाए रखते हुए नमाज का समय घटाकर रात आठ बजे तक सीमित कर दिया है, ताकि उसके बाद शांतिपूर्ण माहौल में पूजा स्थल पर कीर्तन और अन्य कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र अग्रहरि के नेतृत्व में प्रतिमा स्थापना और पूजन-कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा है। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अतुल सिंह व अन्य सदस्य जब पंडाल पहुंचे तो पाया कि नमाज के समय साउंड बंद रखा गया है। इस संबंध में समिति ने सोमवार को एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
एसडीएम व थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह की मौजूदगी में दुर्गा पूजा समिति, जामा मस्जिद के इमाम मौलाना महमूद आलम और इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष जुनैद के बीच वार्ता हुई। हरिश्चंद्र अग्रहरि ने बताया कि वर्ष 1992 से ही पूजा और मस्जिद के बीच आपसी समझौते की परंपरा चली आ रही है, जिसके तहत नमाज के समय साउंड बंद रहता है। मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष जुनैद ने भी कहा कि यह परंपरा उनके पिता के समय से चली आ रही है और अब तक कभी कोई विवाद नहीं हुआ। वार्ता के अंत में दोनों पक्षों ने पारस्परिक सौहार्द बनाए रखने का भरोसा दिया।