फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रसाधन के विवाद में बुजुर्ग को जिंदा जलाया

विज्ञापन
विज्ञापन
गौरीगंज (अमेठी)। थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने कब्जे की भूमि पर हो रहे सार्वजनिक प्रसाधन के निर्माण का विरोध कर रहे एक बुजुर्ग को जिंदा जलाकर मार दिया गया। उसका अधजला शव शनिवार सुबह निर्माणाधीन परिसर में बरामद हुआ। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के पुत्र ने ग्राम पंचायत के मौजूदा प्रधान व पूर्व प्रधान समेत छह लोगों पर अपने पिता को जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग के शव को कब्जे में लेने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन

उत्तरगांव मजरे बस्तीदेई निवासी राम प्रसाद सरोज के बड़े पुत्र प्रेमलाल को वर्ष 2004 में गांव के किनारे आवासीय पट्टा मिला था। पट्टे की भूमि पर उनका आवास बना है। प्रेमलाल के घर के पास खाली पड़ी भूमि पर ग्राम पंचायत की ओर से सार्वजनिक प्रसाधन भवन निर्माण को स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद 29 अगस्त को हुई पैमाइश के बाद यहां ग्राम पंचायत की ओर से निर्माण शुरू करा दिया गया। यह बात कानपुर में रहने वाले 65 वर्षीय राम प्रसाद को पता चली तो वे पिछले 30 अगस्त को गांव आए और निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया।
इसके लिए राम प्रसाद के गांव में रहने वाले पुत्र राजेश ने शुक्रवार को जिला प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिया था। इन्हीं सब के बीच शनिवार सुबह राम प्रसाद का अधजला शव प्रसाधन भवन परिसर में पड़ा मिला। बुजुर्ग का शव मिलने की बात सार्वजनिक होते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एसपी दिनेश सिंह, एएसपी दयाराम, एसडीएम संजीव कुमार मौर्य, सीओ अर्पित कपूर व एसएचओ गिरीश सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन

रामप्रसाद के पुत्र राजेश ने बताया कि शुक्रवार को वह मां रामावती के साथ रिश्तेदारी गया था। घर पर सिर्फ उसके पिता व तीन बहनें थीं। रात में उसके घर आए मौजूदा प्रधान राजाराम सरोज व पूर्व प्रधान पवन उपाध्याय के अलावा राजाराम के पुत्र राम अनुज, राम केवल, राम सबल व एक अन्य अजय शर्मा ने पिता को प्रसाधन भवन निर्माण में रोड़ा अटकाने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
रात में इन्हीं लोगों ने घर के बाहर सो रहे उसके पिता को जलाकर मार डाला। एसएचओ ने बताया कि पुत्र की तहरीर पर उपरोक्त छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मौजूदा व पूर्व प्रधान को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन की जा रही है।
बुजुर्ग की हत्या परिवार में कोहराम
बुजुर्ग के परिवार में पत्नी रामावती के अलावा तीन पुत्र (प्रेमलाल, दूधनाथ व राजेश कुमार) तथा सात पुत्रियां (राजपती, सुंदरा, दयावती, विभा, मीना कुमारी, जनकलली व सिमरन) हैं। बच्चों में राजेश कुमार व जनकलली तथा सिमरन अविवाहित हैं। बुजुर्ग की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें