अमेठी। शहर के ककवा रोड रेलवे क्रासिंग पर मंगलवार शाम बेखौफ युवकों ने सरेआम युवक को गोली मार दी थी। इलाज के दौरान युवक की मौत होने के बाद पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई है। नामजद केस दर्ज होने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ तक ही सीमित है।
शहर के ककवा रोड स्थित पुलिस लाइंस गेट के बगल मकान बनाकर रहने वाले ब्लाक शाहगढ़ के गांव दयाराम पांडेय का पुरवा निवासी राजेश उर्फ हंसराज शुक्ल के पुत्र भरत शुक्ल (20) को ककवा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर बदमाशों ने कनपटी में तमंचा सटाकर गोली मार दी थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के छोटे भाई भाष्कर शुक्ल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी आर्य समाज गली निवासी वीरेंद्र यादव (राजू), दीपक यादव उर्फ तेजभान, बीआरओ आफिस अहिरन टोला निवासी राज पासी, दुर्गापुर रोड पानी की टंकी समीप निवासी पीयूष पांडेय व अन्य अज्ञात के विरुद्ध षडयंत्र कर हत्या करने के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
घटना के तीन दिन बाद भी अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। एसओजी टीम और पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। नामजद होने के बावजूद पुलिस पूछताछ में ही सिमट कर रह गई है। सीओ लल्लन सिंह ने बताया कि संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
नामजद आरोपी सिपाही की चर्चा आम
भरत हत्याकांड में नामजद आरोपी सिपाही दीपक यादव उर्फ तेजभान यादव की चर्चा आम है। आरोपी सिपाही दीपक हरदोई जिले में तैनात है और मिश्रिख सांसद का गनर है। कार्बाइन के साथ घर आने की चर्चा है। हालांकि इस पर कोई भी खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। अभी तक पुलिस सिर्फ जांच की बात कह रही है।
ब्राह्मण परिवार संगठन ने घर पहुंच दी सांत्वना
अखिल भारतीय ब्राह्मण परिवार संगठन के बैनर तले पदाधिकारी बृहस्पतिवार को फायरिंग में मृतक भरत शुक्ल के पैतृक निवास दयाराम के पुरवा शाहगढ़ पहुंचे। पदाधिकारियों ने पिता राजेश उर्फ हंसराज शुक्ल व अन्य परिजनों से मुलाकात की। कहा कि संगठन परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव मदद करेगा। इस मौके पर राष्ट्रीय संयोजक रमाकांत मिश्र मधुबनी और पं राजकुमार तिवारी, विधिक सलाहकार आलोक मिश्र, पं. विवेक तिवारी, प्रभाकर उपाध्याय, वेद प्रकाश ओझा, शिवम तिवारी , प्रमोद उपाध्याय व राजीव उपाध्याय समेत कई लोग मौजूद रहे।