अमेठी। जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को उभारने के लिए आईपीएल की तर्ज पर अमेठी प्रतापगढ़ मार्ग के मिसरौली रेलवे स्टेशन के सामने मैदान में एमपीएल सीजन वन का आयोजन 15 मार्च से किया जाएगा। आयोजक ने बताया कि इसके लिए जाने माने कई कारोबारी टीम खरीदेंगे।
क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजक नितिन उपाध्याय, डीम्पू सिंह ने बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर एमपीएल का आयोजन 15 मार्च से किया जाएगा। यह टूर्नामेंट इसलिए भी खास है, क्योंकि इसमें आईपीएल की तर्ज पर ही खिलाड़ियों की नीलामी कर टीमें बनाई जाएंगी।
खिलाड़ियों की नीलामी भी आईपीएल की तर्ज पर की जाएगी। 10 मार्च को खिलाड़ियों की नीलामी होगी। इस नीलामी में कई जिले के खिलाड़ी शामिल होंगे। दो सौ से अधिक खिलाड़ियों ने अपना रजिस्ट्रेशन अभी तक करा लिया है। करीब तीन सौ से अधिक खिलाड़ियों की नीलामी होने की संभावना है।
आठ मार्च तक खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि है। अन्य जिले की अंतिम एकादश में जिले के चार खिलाड़ी शामिल करना अनिवार्य किया गया है। आयोजकों ने बताया कि विजेता टीम को 31 हजार, उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। 5100 रुपये मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन 1100 रुपये, बेस्ट बॉलर 1100 रुपये, बेस्ट फील्डर 500 रुपये, प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच का भी पुरस्कार दिया जाएगा।
बताया कि कई कारोबारी टीम खरीद रहे हैं। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए आयोजक टीम एक सप्ताह से मैदान को दुरुस्त करा रही है। इस मौके पर हर्ष तिवारी, राम तीरथ पांडे, सौरभ तिवारी, शिवम बाबा , विवेक सिंह, अभिषेक तिवारी, शिव प्रसाद तिवारी आदि मौजूद रहे।