अमेठी सिटी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में तैयार की गई तीन सड़कों का लोकार्पण क्षेत्रीय सांसद किशोरी लाल शर्मा ने किया। लोक निर्माण विभाग अतिथि गृह परिसर में सांसद ने विधिवत पूजा पाठ के बाद तीन सड़कों के शिलापट का अनावरण किया।
बुधवार को जिला मुख्यालय गौरीगंज में कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर एक बजे से हुई। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि जिला मुख्यालय के मनीपुर से पंडरी तक सड़क की लंबाई 6.96 किमी है, सड़क बनाने में कुल 6.96 करोड़ रुपये खर्च हुए। रायबरेली-सुल्तानपुर रोड से पूरे फाजिल तक 4.54 किमी सड़क में 4.23 करोड़ रुपये खर्च हुए।
रामपुर शाह से जामो-भादर रोड तक 5.95 किमी रोड में 6.45 करोड़ रुपये खर्च हुए। सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि सड़कों के निर्माण से लोगों को आवागमन में आसानी होगी। इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल, अनिल सिंह, बृजेश तिवारी आदि मौजूद रहे।