संग्रामपुर के बबुरी गांव के पास स्कूटी में लगी आग। स्त्रोत: स्थानीय लोग
संग्रामपुर (अमेठी)। क्षेत्र के बबुरी गांव के पास बृहस्पतिवार शाम चलती स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी पर सवार मंडौली गांव निवासी एक निजी संस्थान की नर्सिंग की छात्रा सिम्मी अपने भाई जसवंत के साथ मुंशीगंज से घर लौट रही थीं।
आग लगने से स्कूटी पूरी तरह जल गई, जबकि दोनों समय रहते कूदकर सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी से पहले हल्का धुआं निकला और फिर कुछ ही क्षणों में उसमें आग की लपटें उठने लगीं। अचानक हुए इस हादसे से आसपास के लोग चौंक उठे। सिम्मी और उनके भाई ने तुरंत सतर्कता दिखाई और स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे में भाई-बहन सुरक्षित बच गए।(संवाद)