अमेठी सिटी। ग्रामीण इलाकों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाले संपर्क मार्गों की दुर्दशा अब दूर होगी। शासन ने लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए चार संपर्क मार्गों की मरम्मत के लिए 43.91 लाख रुपये जारी कर दिए हैं। कार्यदायी संस्था का चयन होने के बाद निर्माण कार्य दो माह के भीतर पूरा किया जाएगा। इससे करीब 50 हजार लोगों को आवाजाही में बड़ी सुविधा मिलेगी।
संग्रामपुर क्षेत्र के सरैया मोहन संपर्क मार्ग, परतोष संपर्क मार्ग, लोकापुर संपर्क मार्ग और जंगलरामनगर संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाल हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बार-बार आवाज उठाई थी कि इन रास्तों की मरम्मत जरूरी है। समस्या को गंभीर मानते हुए विभाग ने सड़कों का सर्वे कराया। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने प्रस्ताव शासन को भेजा, जिस पर स्वीकृति मिल गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इन सड़कों से होकर बाजार, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और तहसील तक पहुंचना पड़ता है। जर्जर मार्गों के कारण न केवल पैदल चलने वाले बल्कि वाहनों से आने-जाने वाले लोग भी परेशान थे। बरसात में गड्ढे और गहरे हो गए थे, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। अब बजट जारी होने से गांवों के लोगों में खुशी है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि मरम्मत पूरी होने पर न केवल गांव से कस्बे तक पहुंचना आसान होगा, बल्कि कृषि उपज और आवश्यक सामान की ढुलाई भी सरल हो जाएगी। खेतों से मंडी तक धान और गन्ने की आवक अब बिना बाधा के हो सकेगी।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि चार मार्गों के नवनिर्माण और पांच वर्ष तक अनुरक्षण की योजना को मंजूरी मिल चुकी है। निविदा प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होते ही कार्यदायी संस्था तय कर दी जाएगी और जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा।