अमेठी सिटी। जिला अस्पतालों की ओपीडी में बुखार के साथ मुंह में छाले व गले में दर्द जैसी परेशानी के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। बच्चों पर असर अधिक है, खानपान भी मुश्किल हो रहा है।
मौसम में पिछले 15 दिन से तेजी से बदलाव दिख रहा है। जिला अस्पताल के ईएनटी की ओपीडी में मुंह में छाले निकलने और गले में दर्द होने की समस्या लिए लोग पहुंच रहे हैं। इसमें कुछ लोग होंठ सूखने और दर्द होने से परेशान हैं। ईएनटी डिपार्टमेंट में करीब 80 मरीज ऐसे आ रहे हैं, जबकि पंद्रह दिन पहले तक यह संख्या 30 से 40 तक रहती थी।
ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आशीष सिंह का कहना है कि मौसम में बदलाव से वायरल फीवर से लोग ग्रसित हो जाते हैं। बुखार और दर्द से राहत के लिए बिना चिकित्सकीय सलाह के प्राय: लोग दवा ले लेते हैं। इस कारण दवा के दुष्प्रभाव से कभी-कभी छाले निकलते हैं। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 982 मरीजों का पंजीकरण हुआ। इनमें पेट दर्द के 67, दस्त के 76, डिहाइड्रेशन के 10, बुखार के 437, खांसी के 89, ठंड लगने के 96 और जुकाम के 103 मरीज शामिल रहे। इसके अतिरिक्त हड्डी रोग के साथ सिर दर्द व त्वचा रोग से ग्रसित मरीज भी उपचार कराने अस्पताल पहुंचे।
बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईक-उल्ल-जमा का कहना है कि ओपीडी में इन दिनों करीब 100 बच्चे आ रहे हैं, जिसमें 20 से 25 के गले में दर्द, मुंह में छाले निकलने की समस्या मिल रही है। बदलते मौसम में बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उनको बहुत गर्म और बहुत ठंडी चीज खिलाने से बचना चाहिए।