गौरीगंज बाजार में नवरात्र को लेकर मिट्टी के बर्तन खरीदती महिलाएं। -संवाद
अमेठी सिटी। शारदीय नवरात्र का शुभारंभ सोमवार से होगा और समापन दो अक्तूबर को विजयादशमी पर होगा। इस बार मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आएंगी और पालकी पर प्रस्थान करेंगी। चतुर्थी तिथि दो दिन पड़ने के कारण नवरात्र नौ के बजाय 10 दिनों तक चलेगा। आचार्यों का मानना है कि यह संयोग पूरे वर्ष सुख-समृद्धि और शांति का संकेत है।
गौरीपुर गांव निवासी पुजारी कपिल मिश्र ने बताया कि शक्ति आराधना का यह पर्व उन्नति और व्यापार वृद्धि का प्रतीक है। भक्त 10 दिन तक दुर्गा सप्तशती का पाठ करेंगे। प्रतिपदा व्रत 22 सितंबर, अष्टमी पूजन 30 सितंबर और नवमी हवन–पूजन एक अक्तूबर को होगा। साधक दो अक्तूबर को दोपहर ढाई बजे के बाद व्रत का पारण करेंगे। इन दिनों मंदिरों और घरों में सुबह-शाम देवी स्तुति और भजन-कीर्तन की गूंज रहेगी।
नवरात्र का आरंभ सोमवार को कलश स्थापना से होगा। अभिजीत मुहूर्त में घरों और मंदिरों में कलश रखकर श्रद्धालु मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना करेंगे। गौरीगंज स्थित दुर्गा भवानी मंदिर, शमशेरियन भवानी, माता मवई धाम, हिंगलाज मंदिर, अहोरवा भवानी धाम और मां कालिकन धाम सहित देवी मंदिरों को रंग-रोगन कर सजा दिया गया है। रविवार से ही मंदिरों के आसपास पूजन सामग्री की दुकानें सज गईं। सोमवार को शैलपुत्री पूजन के साथ मंदिरों में शंख और घंटों की गूंज होगी। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। वहीं मंदिर समितियां भी दर्शन की सुगम व्यवस्था में जुटी हैं। सप्तमी को पंडालों में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना होगी।
नवरात्र पूजन विधि
पंडित कपिल मिश्र ने बताया कि पूजन की शुरुआत पूर्व दिशा में लकड़ी की चौकी पर लाल वस्त्र बिछाकर करनी चाहिए। कलश में गंगाजल, सुपारी, सिक्का, पंचरत्न और आम के पत्ते डालना शुभ है। नारियल पर लाल चुनरी लपेटकर कलश पर रखें। दीपक प्रज्ज्वलित मां दुर्गा को लाल पुष्प, अक्षत और सुहाग सामग्री अर्पित करें। दुर्गा सप्तशती का पाठ और अखंड ज्योति प्रज्ज्वलितकरना आवश्यक है। इस विधि से पूजन करने पर परिवार में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है।