गौरीगंज (अमेठी)। शहर के जामो रोड स्थित निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट का डीएम ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए प्रयुक्त सामग्री की प्रयोगशाला से जांच कराकर रिपोर्ट देने को कहा। डीएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए जल्द निर्माण कार्य पूरा कर हैंडओवर करने का निर्देश दिया।
शहर के जामो रोड स्थित विशुनदासपुर में 17 करोड़ 77 लाख 24 हजार रुपये की लागत से कलेक्ट्रेट का निर्माण हो रहा है। निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ निर्माण प्रखंड अयोध्या द्वितीय द्वारा किया जा रहा है।
डीएम अरुण कुमार ने रविवार को निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण की धीमी प्रगति पर कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए प्रयुक्त सामग्री के गुणवत्ता का परीक्षण किया।
निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर डीएम ने कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को निर्माण कार्य में श्रमिकों की संख्या बढ़ाते हुए जल्द अन्य अवशेष कार्य अतिशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। डीएम ने कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को प्रयुक्त सामग्री गुणवत्ता कायम रखने के साथ प्रयोगशाला से जांच कराकर रिपोर्ट से अवगत कराने को कहा।
डीएम ने कहा कि कलेक्ट्रेट के ए-ब्लॉक का कार्य पूर्ण होने पर कार्यालय संबंधी कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे। डीएम ने बताया कि कार्यालय संचालन संबंधित सभी कार्य निर्माणाधीन ए-ब्लॉक से होने हैं। कार्य पूरा होते ही कलेक्ट्रेट के कार्यालय संबंधी कार्यों का संचालन शुरू कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व एसपी सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।