अमेठी। धनतेरस पर कहीं चांदी के सिक्कों की खनक रही तो कहीं बर्तन की खरीदारी में लोग मशगूल रहे। वाहन, आभूषण, बर्तन और मोबाइल सहित अन्य सामानों की दुकानों पर सुबह से लोगों का आना शुरू हो गया। एक अनुमान के मुताबिक, जिले में करीब 70 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
धनतेरस त्योहार पर शुक्रवार को बाजार गुलजार रहे। अमेठी हो या गौरीगंज, जगदीशपुर हो या जायस, हर जगह दुकानों पर सामानों की खरीदारी करने के लिए लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। शोरूम में वाहनों की जमकर बिक्री हुई तो अन्य दुकानों में भी भारी भीड़ रही। आभूषण, वाहन, मोबाइल, बर्तन और कपड़ों की भी खरीदारी हुई।
सड़कों के किनारे दीपक, लाई चूरा, झाड़ू, लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां एवं अन्य सामग्री की दुकानें सजी हुई थी। हर कोई अपनी पसंद के हिसाब से खरीदारी करने में लगा रहा। भीड़ से कस्बों में पूरे दिन जाम की समस्या बनी रही। जिले की सभी बाजारों में देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ बनी रही तो दुकानदार भी सामानों की बिक्री करने में जुटे रहे। लोगों ने भगवान धनवंतरि, श्रीगणेश-महालक्ष्मी व कुबेर की पूजा की।
बाजार में दिखा उत्साह
- उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल का कहना है कि यह बात सही है कि ऑनलाइन कारोबार ने व्यापार पर असर डाला है। बावजूद इसके लोगों में उत्साह दिखा है। बर्तन, आभूषण, कपड़े, मिठाई, ऑटो मोबाइल, सराफा, इलेक्ट्रानिक्स व अन्य की दुकानों के कारोबार पर नजर डालें तो इस बार अमेठी जिले में 70 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
जगह-जगह तैनात रही पुलिस
धनतेरस को लेकर शहर में जगह-जगह पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था, ताकि लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल सके। कई जगहों पर रूट डायवर्जन किया गया था। बृहस्पतिवार को एसपी डॉ. इलामारन जी स्वयं भ्रमण करके व्यवस्था का जायजा लिया।