बाजारशुकुल। ब्लॉक की 54 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के 25,443 मजदूर पंजीकृत हैं। इनमें से 13,352 ही मनरेगा में काम करते हैं। बीते दो माह से मजदूरी न मिलने से अब इन मजदूरों ने भी काम से तौबा कर ली है। आलम यह है कि मजदूर और मजदूरी के अभाव में 39 ग्राम पंचायतों में मनरेगा का काम ठप है। मौजूदा समय में सिर्फ 182 मजदूर ही योजना के तहत काम कर रहे हैं।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) व्यवस्था की खामियों से दम तोड़ती दिख रही है। समय पर मजदूरी न मिलने से अब गांव के मजदूर रोजगार की गारंटी देने वाली इस योजना से दूरी बनाने लगे हैं। मजदूरों का कहना है कि वे काम तो करते हैं, लेकिन उन्हें समय पर मजदूरी नहीं दी जाती है। देवता प्रसाद, रामजी और ननकू ने कहा कि दो-दो महीने बीत जाते हैं, उन्हें मजदूरी के लिए बैंकों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। नियमित भुगतान न होने से घर का खर्चा चलाना मुश्किल है। उनका कहना है कि समय पर मजदूरी न मिलने से उन्होंने मनरेगा में काम करना बंद कर दिया है।
वित्तीय संकट की वजह से 39 ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्य पूरी तरह से ठप है। मौजूदा समय में ब्लॉक में मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों की संख्या महज 182 है। इस संबंध में पूछे जाने पर बीडीओ अंजली सरोज ने बताया कि उन्होंने संबंधित सचिवों और रोजगार सेवकों को कड़े निर्देश दिए हैं। बीडीओ ने कहा कि रुकी हुई योजनाओं का जल्द ही एस्टीमेट बनवाकर काम शुरू कराया जाएगा। मजदूरों के लंबित भुगतान की समस्या को भी शीघ्र सुलझाया जाएगा।