गौरीगंज (अमेठी)। शिक्षक एमएलसी निर्वाचन की शुचिता कायम रखने के लिए जिले में मतदान की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। मतदान की निगरानी के लिए स्टेटिक, जोनल व सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के साथ माडल कोड ऑफ कॉन्टेक्ट (एमसीसी) टीम का गठन किया गया है। गठित टीम को एक दिसंबर को नौ बूथों पर होने वाले मतदान के दिन निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण मतदान की तैयारी जिले में इन दिनों प्रगति पर है। एक दिसंबर को जिले के जगदीशपुर, जामो, मुसाफिरखाना, भादर, सिंहपुर व बहादुरपुर में ब्लॉक कार्यालय तो गौरीगंज व अमेठी में तहसील कार्यालय तथा तिलोई में सुभाष पशुपतिनाथ इंटर कॉलेज को मतदान केंद्र बनाया गया है।
मतदान केंद्र निर्धारित करने के बाद सात स्टेटिक मजिस्ट्रेट, चार जोनल मजिस्ट्रेट तथा एक सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती करने के साथ 142 सशस्त्र पुलिस कर्मियों की मांग एसपी से की गई है। इतना ही नहीं निर्वाचन में सोशल मीडिया के साथ धनबल व प्रलोभन की घटनाओं को रोकने तथा निगरानी करने के लिए तहसीलवार एसडीएम की अगुवाई में पांच सदस्यीय एमसीसी टीम गठित की गई है।
एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने गठित टीमों को निर्वाचन आयोग की ओर जारी निर्देशों का पालन कराने के साथ ही शिक्षक एमएलसी निर्वाचन में आर्दश आचार संहिता का पालन कराने की जिम्मेदारी दी है। निर्वाचन के लिए नौ पोलिंग पार्टी व रिजर्व पोलिंग पार्टी में पीठासीन, मतदान अधिकरी प्रथम, द्वितीय, तृतीय के साथ माइक्रो ऑब्जर्वर के लिए 60 कर्मियों की तैनाती की है।
एडीएम ने बताया कि एक दिसंबर को होने वाले मतदान में 1,542 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान की तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। 30 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार से पोलिंग पार्टी रवाना कर आयोग के निर्देशानुसार जिले में शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान संपन्न कराया जाएगा।