अमेठी। संग्रामपुर इलाके में नकाबपोश तीन बदमाशों ने रेलवे के एक गेट मैन से लूटपाट की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए तो लोहे की रॉड से हमला कर गंभीरू रूप से जख्मी कर दिया। घटना अंजाम दे भाग रहे बदमाशों ने कहीं मुंह खोलने पर गेट मैन को अगली बार गोली मार देने की धमकी भी दी। घायल गेट मैन को स्टेशन मास्टर ने सीएचसी अमेठी में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
अमेठी के ओझा का पुरवा रायपुर फलवारी गांव निवासवी विशव कुमार यादव संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौली रेलवे फाटक संख्या 97/B पर गेट मैन है। बृहस्पतिवार की रात करीब डेढ़ बजे वह डयूटी पर था। इस बीच नकाबपोश तीन बदमाश उसके केबिन में पहुंच गए। बदमाशों ने बाइक की चाॅबी, मोबाइल आदि छीनने का प्रयास करने लगे। इस पर गेट मैन ने विरोध किया। बदमाशों ने लोहे की राॅड से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया।
गेट मैन का फोन आया तो हमलावर यह धमकी देते हुए भाग निकले कि, कहीं मुंह खोला तो अगली बार गोली मार देंगे। पीड़ित ने टेलीफोन से स्टेशन मास्टर को जानकारी दी। मिश्रौली स्टेशन मास्टर ने घायल गेटमैन को इलाज के लिए अमेठी सीएचसी में भर्ती कराया। साथ ही अमेठी जीआरपी प्रभारी को सूचना दी गई। जीआरपी प्रभारी के साथ शुक्रवार सुबह पीड़ित ने थाने पहुंच कर तहरीर दी। संग्रामपुर इंस्पेक्टर ईश नारायण मिश्र का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।