अमेठी सिटी। नागपंचमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं और कन्याओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर पहुंचकर पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रामीण क्षेत्रों में नागपंचमी के अवसर पर कुश्ती, कबड्डी, खो-खो और लंबी दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। तालाबों, नदियों और शिवालयों के समीप कालसर्प दोष से मुक्ति के लिए विशेष पूजन किया गया।
सेमरौता कस्बे में नागपंचमी के त्योहार पर गुड़िया पीटी गईं। दंगल में बच्चों ने जोर आजमाइश की। ग्राम प्रधान देवी शरण वाजपेयी ने विजेता व उपविजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दंगल में रेफरी की भूमिका राकेश सैनी ने निभाई। इस दौरान पवन तिवारी, रमेश अग्निहोत्री, श्याम किशोर तिवारी, देवांश बारी आदि मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं ने अमेठी के ताला महादेवन स्थित बाबा मुकुटनाथ धाम सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन किए। ग्रामीण अंचल में घरों के बाहर गोबर व आटा की लोई से बनाए गए नागचिह्न पर दूध चढ़ाकर पूजा कर सुख-शांति की कामना की गई। बच्चों और महिलाओं ने झूले का लुत्फ उठाया। शादी के बाद पहली बार नागपंचमी का पर्व पड़ने पर नवविवाहिताएं मायके पहुंचीं तो उन्होंने सहेलियों के साथ त्योहार मनाया। घरों में मिठाइयां और पकवान तैयार किए गए। महिलाओं ने कजरी गीत गाए।
आल्हा गायन से लोगों में भरा जोश
जामों (अमेठी)। कस्बे में स्थित श्री शंकर बूढे़ बाबा मंदिर परिसर में नागपंचमी के अवसर पर एक निजी संस्थान की ओर से खेलकूद का आयोजन किया गया। लंबी कूद में पहले स्थान पर योगेश तिवारी व सानिया, दूसरे स्थान पर गोरेलाल व अंजनी और तीसरे स्थान पर अंकित और शिवानी सिंह रहीं। पूर्व ब्लाॅक प्रमुख अनिल सिंह, प्रधान सत्यदेव मिश्र, अनंत राम पांडेय, ठाकुर दीन तिवारी, प्रेमशंकर पांडेय आदि मौजूद रहे। रमेश कुमार पांडेय, लालजी तिवारी, हनुमान तिवारी की टीम ने आल्हा गायन में नदी बेतवा का प्रसंग सुनाकर माहौल वीर रस से भर दिया। (संवाद)
कुश्ती में राजीव तो लंबी कूद में दीवान अव्वल
फुरसतगंज (अमेठी)। सैंबसी के पूरे नया गांव में मंगलवार को अखाड़े का आयोजन पवन कुमार यादव ने किया। मुख्य अतिथि रंजीत यादव ने प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की बात कही। कुश्ती में फतेहपुर जनपद के राजीव शुक्ला प्रथम रहे और दूसरे स्थान पर राजू मुवद्दीपुर रायबरेली रहे।दीवान यादव पूरे नया अमेठी ने 23 फीट लंबी कूद लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। 22 फीट कूद के साथ अरविंद खेरौना अमेठी दूसरे स्थान पर रहे। आयोजकों ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस मौके पर योगेंद्र यादव, संतोष यादव,राहुल यादव आदि मौजूद रहे। (संवाद)