अमेठी सिटी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले में टॉप करने वाले मेधावियों को जिलाधिकारी निशा अनंत बुधवार को सम्मानित करेंगी। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग मंगलवार को कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा। डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर मेधावी बच्चों को कार्यक्रम में प्रतिभाग कराने के निर्देश दिए। डीएम जीवन में सफलता हासिल करने की टिप्स भी देंगी।
जिला प्रशासन ने यूपी बोर्ड परीक्षा की जिला स्तरीय टॉप-10 सूची में शामिल विद्यार्थियों को सम्मानित करने की योजना बनाई है। पत्र में जिले की टॉप-10 सूची में शामिल हाईस्कूल के 25 और इंटरमीडिएट के 19 मेधावियों को बुधवार की सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में प्रतिभाग कराने को कहा गया है। डीएम निशा अनंत सहित अन्य अफसर मेधावियों को सम्मानित करते हुए उन्हें भविष्य में सफलता हासिल करने की टिप्स देंगे। डीआईओएस रीता सिंह ने कहा कि सम्मान समारोह से मेधावियों को एक नई ऊर्जा मिलती है तो अन्य बच्चों में भी प्रतिस्पर्धा की भावना जाग्रत होती है।