अमेठी। भेटुआ गांव में आठ सितंबर की सुबह नकाबपोश बदमाशों ने हनुमान कोरी के घर में धावा बोलकर लूटपाट की। बदमाशों ने उनके बेटे को पीटकर बेहोश कर दिया और लाखों रुपये के गहने व नकदी लेकर चंपत हो गए।
भेटुआ निवासी हनुमान कोरी ने बताया कि वह चंडीगढ़ में नौकरी करते हैं। वारदात के दिन उनकी पत्नी पानी भरने के लिए घर से दूर नल पर गई थी, तभी दो नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनके बेटे शिवांश (12) को बेरहमी से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद अलमारी से 26 हजार रुपये और करीब एक लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए।
उनकी पत्नी जब घर लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। पत्नी ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश मौके से जा चुके थे। गांववालों ने छत से घर में जाकर दरवाजा खोला, जिसके बाद बेटे का इलाज कराया गया। वारदात की जानकारी होने पर हनुमान बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ से घर आए और फिर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।