भादर। पीपरपुर के हीरापुर गांव में मंगलवार सुबह विवाहिता रोशनी (23) का शव मकान के पीछे लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है।
अमेठी के बसहूं गांव निवासी रोशनी की मां विमला ने बताया कि उनकी बेटी ने करीब एक साल पहले हीरापुर गांव निवासी राहुल से प्रेम विवाह किया था। राहुल शटरिंग का काम करता है। शादी के बाद रोशनी पति के साथ ससुराल में रह रही थी। सोमवार को रोशनी पति और अन्य ससुरालीजनों के साथ कालिकन धाम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। वहां से लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विमला का आरोप है कि कहासुनी के बाद राहुल ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया, ताकि घटना आत्महत्या लगे।
उधर, राहुल ने आरोपों को निराधार बताया। उसका कहना है कि घटना के समय रोशनी घर में अकेली थी और उसने फंदे से लटक कर आत्महत्या की है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी उसे नहीं है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।