मुसाफिरखाना। जामों के पूरे बंधई मजरे पूरब गौरा की रहने वाली हिना (20) की हैदराबाद में दो मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार को परिजन शव लेकर पूरे परवानी गांव पहुंचे। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
पूरे परवानी निवासी निजाम ने बताया कि उनकी बहन हिना का निकाह 25 जून 2025 को पूरे बंधई मजरे पूरब गौरा निवासी रिजवान के साथ हुआ था। इसके बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि 24 अप्रैल को रिजवान हिना को अपने साथ हैदराबाद ले गया था। निजाम के अनुसार दो मई को रिजवान ने फोन कर हिना की मौत की सूचना दी।
परिवार के लोग हैदराबाद पहुंचे। आरोप है कि बिना सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश की जा रही थी। किसी तरह पैसों की व्यवस्था कर परिजन शव को अपने गांव ले आए। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर हिना की हत्या की गई है। पिता अब्दुल कलाम ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार रामलखन वर्मा की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इंस्पेक्टर विवेक कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। माता कमरुल निशा, पिता कलाम, चार भाई सलमान, निजाम, शाहरुख, जीशान एवं दो बहन शब्बो और सालिया का रो रो कर बुरा हाल है।