शाहगढ़। गौरीगंज क्षेत्र के नेमधर पंडित पुरवा गांव निवासी पुष्पा (26) की सोमवार को घर में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के ससुर रामयश ने बताया कि सोमवार को पुष्पा घर के कमरे में घरेलू काम कर रही थीं। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं। चीख सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बिजली आपूर्ति बंद कर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। इंस्पेक्टर रवि सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया महिला की मौत करंट लगने से हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
नौ माह की बेटी के सिर से उठा मां का साया
पुष्पा की शादी करीब तीन वर्ष पहले रमेश के साथ हुई थी। उनकी नौ माह की बेटी रक्षा है। मां की असमय मौत से मासूम रक्षा के सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद जिला अस्पताल में पति रमेश, सास शिवपता सहित अन्य परिजन मौजूद रहे। सूचना मिलने पर सरैया (शाहगढ़) से भाई धर्मेंद्र, माता शिवदुलारी, भाभी प्रतिभा तथा बहनें सीमा, सुषमा और अंतिमा भी पहुंच गईं। बेटी की मौत से मायके और ससुराल पक्ष के लोगों का हाल बेहाल रहा।