अमेठी। दहेज के लिए विवाहिता की पिटाई कर घर से निकाला ससुरालीजनों पर चार माह बाद भारी पड़ा। पीड़िता के पिता की तहरीर पर महिला थाने में पति सहित चार पर केस दर्ज हुआ।थाना क्षेत्र संग्रामपुर के घोएं मजरे टीकर माफी निवासी रामराज ने महिला थाने में तहरीर देकर बताया है कि उनकी पुत्री पिंकी का विवाह दो वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र पीपरपुर के गांव भदावं निवासी जितेंद्र पाल के पुत्र मनोज पाल से हुई थी। पीड़ित में हैसियत के अनुसार दान दहेज देकर पुत्री को विदा किया।
आरोप है कि ससुराल में ससुर जितेंद्र पाल, सास जानकी, ननद शिमरन, देवर साहिल व पति मनोज पाल आएदिन दहेज में दो लाख रुपए की मांग पर पिंकी को प्रताड़ित करने के साथ मारपीट व मार डालने की धमकी देने लगे। करीब चार माह पूर्व ससुरालीजनों ने दो लाख रुपये की मांग को लेकर पिंकी को मारा पीटा और जेवर रखकर घर से भगा दिया।
ससुरालजनों ने धमकी दी है कि अगर दो लाख रुपए लेकर नहीं आई तो जान से मार देंगे। पीड़ित की तहरीर पर महिला थाने में केस दर्ज किया गया। एसओ ममता रावत ने बताया कि जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।