अमेठी सिटी। जायस कस्बे के मिल एरिया स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोलपंप के पास बुधवार को कार की चपेट में आने से बाइक सवार पूरे उसराहा निवासी केशव (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार सवार मौके से निकलने का प्रयास करने लगा, जिसे स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने कार चालक की पिटाई कर दी और वाहन को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए चालक को भीड़ से छुड़ाया और कोतवाली ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केशव बुधवार को बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद केशव सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत चिंताजनक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में युवक का उपचार जारी है।
हादसे के बाद कार चालक नूर हसन निवासी पूरे बख्शी जायस भागने लगा। करीब दो सौ मीटर तक पीछा करने के बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पीट दिया। साथ ही कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि कार चालक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को कब्जे में ले लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।