गौरीगंज (अमेठी)। सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए संचालित अभियान की हकीकत परखने के लिए डीएम ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने खराब प्रगति पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को चेतावनी पत्र जारी करने का निर्देश दिया। डीएम ने 25 दिसंबर तक शत-प्रतिशत सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का निर्देश देते हुए लापरवाही पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
डीएम अरुण कुमार ने कैंप कार्यालय में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के अभियान की समीक्षा बैठक संबंधित अफसरों के साथ की। डीएम ने कहा कि शत-प्रतिशत सड़कों को गड्ढा मुक्त करना शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रम में शामिल है। अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने विभागवार गड्ढा मुक्त अभियान की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिला पंचायत को 30 नवंबर तक 9.964 किलोमीटर सड़कों को गड्ढा मुक्त करना था। अब तक मात्र 0.500 किलोमीटर सड़कों को ही गड्ढा मुक्त किया गया है।
अभियान में लापरवाही बरतने पर डीएम ने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत नरेंद्र बहादुर को फटकार लगाते हुए चेतावनी पत्र देने के निर्देश दिए। साथ ही 10 दिन के अंदर शेष कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। डीएम ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, शारदा सहायक खंड 41, नगर पालिका एवं नगर पंचायत की सड़कों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने संबंधित विभागों के अफसरों को 25 दिसंबर तक शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कहा कि अभियान समाप्त होने के बाद सीडीओ सभी सड़कों का स्थलीय सत्यापन कराते हुए रिपोर्ट देंगी। रिपोर्ट में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में लापरवाही बरतने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति शासन से करने की चेतावनी दी। इस मौके पर सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, एक्सईएन लोनिवि शैलेंद्र कुमार, डीएसटीओ रामसनेही वर्मा आदि मौजूद रहे।