गौरीगंज (अमेठी)। उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड से संचालित मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल व फाजिल की परीक्षा जिले के आठ केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। रजिस्टार की ओर से समय सारिणी जारी कर परीक्षा की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा में जिले में संचालित 46 मदरसों में पंजीकृत 2,321 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ बोर्ड रजिस्टर की ओर से परीक्षा समय सारिणी जारी की गई है। परीक्षा 17 से 24 मई के बीच दो पालियों में होगी। परीक्षा में सेकेंडरी (मुंशी/मौलवी), सीनियर सेकेंडरी (आलिम) कामिल व फाजिल में पंजीकृत 2,321 विद्यार्थी शामिल होंगे। पहली पाली सुबह आठ से 11 बजे और दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को परेशानी नहीं हो इसके लिए सिटिंग प्लॉन के साथ सीसीटीवी, वाइस रिकार्डर, प्रसाधन, पानी सप्लाई व प्रकाश समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त की जा रही है
मदरसा दारुल उलूम गौसिया तेगिया रसूलाबाद में छह मदरसों में पंजीकृत 448 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसी तरह मदरसा ताजुम उलूम समदिया कासिमपुर में तीन मदरसों के 174 तो मदरसा अशरफुल उलूम पूरे गौहर रानीगंज में चार मदरसों के 282, मदरसा मदीनतुल उलूम तकिया बाबा प्रीतमशाह में सात मदरसा के 294 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। मदरसा सिराजुल उलूम लतीफिया निहालगढ़ में नौ मदरसों के 197, मदरसा दारुल उलूम गरीब नवाज जेहरा पालपुर में नौ केंद्र के 237, मदरसा गुलशने इस्लामिया छावनी रामदैयपुर में छह स्कूल के 170 तथा मदरसा जामिया अहले सुन्नत फातमतुज्जहरा जगदीशपुर में दो केंद्र के 519 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराया जा सके, इसके लिए अल्प कल्याण संख्यक विभाग ने पर्यवेक्षक के साथ मजिस्ट्रेट की तैनाती करने का प्रस्ताव जिला प्रशासन के पास भेजा है। सभी केंद्र प्रभारियों को नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश देते हुए परीक्षा की शुचिता कायम रखने को कहा गया है।
सभी कमरों में लगवाएं सीसीटीवी मदरसा बोर्ड परीक्षा की शुचिता कायम रहे तथा नकल विहीन परीक्षा हो सके, इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। केंद्र व्यवस्थापकों को सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने को कहा गया है। किसी भी दशा में परीक्षार्थियों को असुविधा नहीं हो इसका ध्यान रखा जाएगा।
नरेंद्र पांडेय, प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी