अमेठी सिटी। मदरसा बोर्ड की परीक्षा छह प्रश्नपत्र के बाद संपन्न हो गई। आखिरी दिन बुधवार को गणित, हिंदी व अन्य आधुनिक विषयों की परीक्षा हुई। आखिरी पेपर में कुल 234 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
मदरसा बोर्ड की परीक्षा 13 फरवरी से शुरू हुई थी। जिसमें बुधवार 21 फरवरी को मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल की परीक्षा में आधुनिक विषयों से संबंधित प्रश्नपत्र रहा। जिसमें सामान्य अंग्रेजी, कंप्यूटर, तर्क व दर्शनशास्त्र, सामान्य विज्ञान, टाइपिंग, सामाजिक विज्ञान, गृह विज्ञान आदि की परीक्षा हुई।
बुधवार की सुबह आठ से 11 बजे तक व दोपहर में दो से शाम पांच बजे तक परीक्षा हुई। पहली पाली में कुल पंजीकृत 1134 में से 209 परीक्षार्थी गैरहाजिर तो 925 हाजिर रहे। दूसरी पाली में कुल पंजीकृत 367 में से 25 गैरहाजिर व 342 हाजिर रहे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रभात कुमार ने बताया कि मदरसा बोर्ड की परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। संवाद