गौरीगंज (अमेठी)। उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड से संचालित मदरसा बोर्ड परीक्षा मंगलवार से जिले में शुरू हुई। परीक्षा के पहले दिन सात केंद्रों पर पंजीकृत मुंशी व मौलवी कक्षा के पंजीकृत 1,372 बच्चों में 185 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा काट लिया। परीक्षा की शुुचिता कायम रहे इसके लिए अफसरों ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
मदरसा बोर्ड की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार जिले में मंगलवार से बोर्ड परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में मुंशी कक्षा के 610 तथा मौलवी कक्षा के 762 बच्चों की परीक्षा जिले के सात केंद्रों पर हुई। परीक्षा के दौरान मुंशी कक्षा के 96 तथा मौलवी कक्षा के 89 बच्चों ने परीक्षा से किनारा काट लिया।
परीक्षा की शुचिता कायम रहे इसके लिए गठित तीन सचल दल के साथ अफसरों ने सभी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों में सुविधाओं की कमी दिखने पर अफसरों ने केंद्र व्यवस्थापकों को फटकार लगाते हुए सुधार की नसीहत दी।
प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आरके शर्मा ने बताया कि जीआईसी जायस, अली मिया पब्लिक स्कूल बहादुरपुर, चंद्रभवन शुक्ल इंटर कॉलेज दरपीपुर, बीएसएन इंटर कॉलेज जगदीशपुर, राम सुमिरन उपाध्याय इंकॉ रानीगंज, मां विद्या देवी गर्ल्स इंकॉ जगदीशपुर व राधेश्याम सिंह इंकॉ दादरा में परीक्षा हो रही है। परीक्षा की शुचिता कायम रहे इसके लिए सभी केंद्र व्यवस्थापकों को प्रमुख सचिव के निर्देशों के अनुसार परीक्षा करवाने का निर्देश दिया गया है।