अमेठी सिटी। जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को सभी तहसीलों में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। तिलोई में डीएम निशा अनंत, एसपी अनूप सिंह व गौरीगंज में सीडीओ सूरज पटेल, अमेठी में एडीएम अर्पित गुप्ता तथा मुसाफिरखाना में एडीएम न्यायिक दिनेश मिश्र ने शिकायतों की सुनवाई की।
तिलोई तहसील सभागार में डीएम के सामने पेश हुए भदसाना निवासी सुशील कुमार बाजपेयी ने कहा कि मैडम... मां यशोदा की मौत हुए एक साल पांच माह बीत गए, लेकिन अब तक उनका मृत्यु प्रमाणपत्र जारी नही हो सका है। एक साल से पंचायत भवन से लेकर ब्लॉक दफ्तर के चक्कर काट रहा हूं। दो बार संपूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायत की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। डीएम ने बीडीओ को मामले की जांच कर शिकायत का निस्तारण करने को कहा।
इसी बीच संदर्शी निवासी रामफेर पेश हुए। कहा कि मैडम कई पीढि़यों से थोड़ी सी जमीन उनके कब्जे में चली आ रही है। जमीन पर 50 साल से अधिक के पेड़ मौजूद हैं। जमीन की जांच के बिना ही उसे अपात्र को आवंटित कर दिया गया। डीएम ने एसडीएम को शिकायत के निस्तारण का निर्देश दिया। इसी तरह के अन्य मामले भी दिवस में पेश हुए।
तहसील तिलोई में 49 शिकायतें आईं, जिनमें चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। गौरीगंज में 10 शिकायतों में दो, अमेठी में 18 शिकायतों में दो तथा मुसाफिरखाना में 16 शिकायतों में चार का मौके पर निस्तारण हुआ। शेष शिकायतों के निस्तारण की जिम्मेदारी संबंधित विभाग को दी गई।