अमेठी सिटी। जन शिकायतों के निस्तारण के लिए शनिवार को सभी थानों में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। डीएम निशा अनंत ने गौरीगंज थाने में शिकायतों की सुनवाई की। डीएम ने अधिकतर मामलों में शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर टीम भेजी।
डीएम के समक्ष पेश हुए पूरे रामदयाल मऊ गांव निवासी रामशंकर तिवारी ने कहा कि मैडम खाते की भूमि पर उन्होंने धान की रोपाई की थी। फसल तैयार होने पर गांव के ही दबंग भूमि पर कब्जा करने की कोशिश में जुटे हैं। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। डीएम ने राजस्व निरीक्षक व उपनिरीक्षक की टीम गठित कर शिकायत के निस्तारण के लिए मौके पर भेजा। कौड़िहार गांव निवासी दिलीप कुमार पांडेय ने कहा कि चकमार्ग पर गांव के कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। पांच बार चकमार्ग की पैमाइश हो चुकी है, लेकिन कब्जा नहीं हट सका। डीएम ने यहां भी शिकायत के निस्तारण के लिए टीम गठित कर मौके पर रवाना किया।
गौरीगंज के लक्षमनपुर मजरे रोहसी खुर्द गांव की मुमताज ने कहा कि पिछले दिनों हुई मारपीट के मामले में केस दर्ज हो गया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है। इस पर एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने मुमताज को बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फुरसतगंज थाने में आयोजित समाधान दिवस में एसडीएम अमित कुमार व सीओ डॉ. अजय सिंह के सामने पेश हुईं बसौनी गांव की अख्तरी ने कहा कि उनकी भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। शिकायत के बाद भी उन्हें कब्जा नहीं मिल रहा है। एसडीएम ने शिकायत के निस्तारण के लिए टीम रवाना की है।