भादर (अमेठी)। ब्लाॅक क्षेत्र के मिनी स्टेडियम, घोरहा में आयोजित 30वीं बाबा भीष्मशाह डे-नाइट टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच लखनऊ टीम ने कानपुर को हराकर शानदार जीत हासिल किया। सोमवार को पहला उद्घाटन मैच लखनऊ और कानपुर के बीच खेला गया। कानपुर टीम के कप्तान मनीष ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया।
लखनऊ टीम के कप्तान अंकुर वर्मा ने ओपनिंग के लिए शिवेंद्र शुक्ला व सैफ को मैदान में उतारा दोनों खिलाड़ियों ने 57 रन बनाया। लखनऊ की टीम 20 ओवर के मैच में 7 विकेट खोकर शानदार 215 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर की टीम के कप्तान ने ओपनिंग के लिए अभिषेक और अभय को भेजा। दोनों खिलाड़ी महज 28 रन बनाकर पवेलियन चले गए। इसके बाद 8 ओवर में 44 रन बनाकर सभी खिलाड़ी आउट हो गए। लखनऊ ने 171 रन से मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच का खिताब लखनऊ के अजीत को मिला। अजीत ने 5 छक्का,12 चौके की मदद से 93 रन बनाए। अंपायर की भूमिका विपिन सिंह व मोहित ने निभाई।
कमेंट्रेटर का कार्य कमलेश ने तो स्कोरर का कार्य अभिषेक सिंह ने पूरा किया। दूसरा मैच लखनऊ टीएस व कानपुर बी के बीच चल रहा है। बतौर मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि अरुण प्रजापति व विशिष्ट अतिथि संतोष सिंह ने मैच का उद्घाटन कर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर मनीष सिंह, अमित सिंह फौजी, शिवेंद्र सिंह, अशोक सिंह हिटलर, गंगाराम सिंह, अमर बहादुर सिंह, शिव सिंह, नरेंद्र बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।