गौरीगंज स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री। -संवाद
अमेठी सिटी। पखवाड़े भर पहले शुरू हुआ ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर तीन घंटे देरी से गौरीगंज आई। डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस छह घंटे, भोपाल-प्रतापगढ़ व उद्योग नगरी एक्सप्रेस दो घंटे, नीलांचल व जनता एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से आई। सर्वाधिक परेशानी प्रयागराज की यात्रा करने वाले लोगों को हुई। दैनिक यात्री समय से ड्यूटी नहीं पहुंच सके।
बुधवार को भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस एक घंटे लेट रही। दिन में सभी स्टेशनों पर ठहराव के साथ प्रयागराज के लिए संचालित लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर अपने निर्धारित समय 9:17 बजे के स्थान पर तीन घंटे विलंब से दोपहर 12:37 बजे आई। प्रयागराज सहित अन्य स्टेशनों की यात्रा करने वाले लोगों को लंबे समय तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।
इसके अतिरिक्त आनंद विहार से दानापुर के बीच संचालित जनसाधारण एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से गौरीगंज आई। इसी तरह देहरादून-वाराणसी एक घंटे, पुरी-दिल्ली नीलांचल एक्सप्रेस डेढ़ घंटे व उद्योग नगरी दो घंटे विलंब से संचालित हुई।
इसके अलावा वाराणसी-देहरादून एक घंटे व हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल 30 मिनट विलंब से आई। स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेनें कोहरे के कारण कुछ विलंब से संचालित हुई हैं। ट्रेनों की स्थिति की सूचना का प्रसारण किया जा रहा है।