अमेठी सिटी। जिले में ट्रेनों की लेटलतीफी थमने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर साढ़े तीन घंटे देरी से गौरीगंज स्टेशन पहुंची। जनता एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ और जनसाधारण एक्सप्रेस भी विलंब से चलीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
लखनऊ से रवाना होकर कई स्टेशनों पर रुकने वाली लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर से जिले के फुरसतगंज, जायस, कासिमपुर, बनी, गौरीगंज, तालाखजुरी, अमेठी, मिसरौली और सहजीपुर हाॅल्ट से बड़ी संख्या में लोग प्रयागराज व आसपास के स्टेशनों की यात्रा करते हैं। कम किराये और सीधी सुविधा के चलते यह ट्रेन ग्रामीण यात्रियों के लिए सहारा बनी हुई है। सड़क मार्ग से प्रयागराज संगम की सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं है।
गौरीगंज स्टेशन पर मऊआइमा जाने के लिए पहुंचे रामकुमार प्रजापति ने बताया कि वापसी भी इसी ट्रेन से करनी थी, लेकिन अब देर रात लौटना मुश्किल हो गया है। विश्वनाथगंज शनिधाम दर्शन को आईं मालती देवी ने कहा कि ट्रेन ही एकमात्र साधन है, देरी से काफी दिक्कत हो रही है। रविवार को यह ट्रेन सुबह 9:13 की बजाय दोपहर 12:44 बजे गौरीगंज पहुंची। वहीं, देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस एक घंटे, काशी विश्वनाथ और जनसाधारण एक्सप्रेस दो-दो घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि प्रयागराज पैसेंजर लखनऊ से ही कुछ तकनीकी कारणों से देर से चली थी। यात्रियों को समय-समय पर सूचना दी जाती है और असुविधा न हो, इसका पूरा प्रयास किया जा रहा है।