अमेठी। संग्रामपुर क्षेत्र में अमेठी-प्रतापगढ़ हाईवे पर रामघाट पुल के समीप मंगलवार रात तीन बदमाश तमंचे के बल पर बाइक सवार जीजा-साली से लैपटॉप, दो मोबाइल, सोने की अंगूठी व 15 हजार रुपये लूटकर भाग गए। पीड़ित ने बुधवार को संग्रामपुर थाने में सूचना दी मगर पुलिस मामले की जानकारी से इंकार कर रही है।
प्रतापगढ़ के सदर थाना क्षेत्र के मीरा भवन निवासी राम दुलारे के पुत्र मदनलाल सरोज (28) अमेठी में आटो पार्ट्स के सेल्समैन हैं। मंगलवार को वह अपनी साली अन्नू को लेकर वैवाहिक कार्यक्रम में अमेठी गए थे। वहां से रात नौ बजे वह घर लौट रहे थे।
अमेठी-मार्ग पर ठेंगहा गांव में मालती नदी के रामघाट पुल के पास तीन बदमाशों ने बाइक से मदनलाल की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे अन्नू बाइक से गिर गई। मदनलाल बाइक खड़ी करके अन्नू को उठाने लगे। तभी मदनलाल पर तमंचा तान दिया। उन्हें धमकाकर लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, अन्नू से 15 हजार रुपये की नकदी व सोने की एक अंगूठी लूटकर तीनों बदमाश भाग गए।
वारदात से घबराए मदनलाल पुलिस से शिकायत करने के बजाय घर चले गए। बुधवार सुबह उन्होंने संग्रामपुर थाने जाकर तहरीर देते हुए केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। वहीं, संग्रामपुर एसएचओ उमेश मिश्र ने कहा कि घटना की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो जानकारी करके कार्रवाई की जाएगी।
एसपी डॉ. इलामारन जी. का कहना है कि प्रकरण की जांच कराकर एसएचओ की जिम्मेदारी तय करते हुए केस दर्ज कराकर घटना का अनावरण कराया जाएगा।