गौरीगंज रेलवे स्टेशन स्थित बुकिंग काउंटर पर टिकट खरीदते यात्री। -संवाद
अमेठी शहर। गर्मी की छुट्टियां समाप्त होने के बाद मुंबई और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में लौटने वाले कामगारों की संख्या बढ़ गई है। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेलखंड पर अमेठी से मुंबई जाने वाली उद्योगनगरी एक्सप्रेस में सीटों की मांग में भारी वृद्धि हुई है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह रेलगाड़ी अमेठी से प्रत्येक मंगलवार और बृहस्पतिवार को मुंबई के लिए चलती है। आरक्षित श्रेणियों में लंबी प्रतीक्षा सूची चल रही है। तत्काल कोटे की सीटें आरक्षण शुरू होते ही कुछ मिनटों में भर जाती हैं। अमेठी के रामकुमार यादव ने बताया कि उन्हें कारखाना में काम पर लौटना है, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिल रहा है। मोहम्मद आरिफ ने तत्काल टिकट के लिए घंटों इंतजार करने के बावजूद सीट न मिलने की शिकायत की। लोगों को मजबूरी में साधारण कोच में यात्रा करनी पड़ रही है।
गौरीगंज के शिवम विश्वकर्मा ने कहा कि बढ़ती प्रतीक्षा सूची के कारण उनकी यात्रा की योजना प्रभावित हो रही है। पूजा सिंह ने बताया कि परिवार के साथ मुंबई लौटने की उनकी तैयारी अधूरी रह गई है। गौरीगंज रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने यात्रियों को सलाह दी कि यात्रा की तिथि तय होते ही आरक्षण करा लेना चाहिए।
उद्योगनगरी एक्सप्रेस में आरक्षण की स्थिति
तिथि स्लीपर वेटिंग एसी वेटिंग
17 जून 146 32
19 जून 106 24
24 जून 83 18
26 जून 79 15
01 जुलाई 81 17
03 जुलाई 58 11
नोट- यह आकंडा रेलवे के आरक्षण काउंटर से शनिवार को प्राप्त है।