जगदीशपुर (अमेठी)। खराब मौसम के बाद भी शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सात गांवों में जनसंवाद किया। इस दौरान किसी ने सड़क की समस्या बताई तो किसी ने आवास की। केंद्रीय मंत्री ने समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया। कुछ तो टाइमलाइन तय कर दी। उन्होंने अमेठी के 70 गांवों में बैंक ऋण शिविर आयोजित करके लोगों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराएं।
बारिश के बीच केंद्रीय मंत्री सबसे पहले पर्वतपुर गांव पहुंची। ग्रामीणों ने सड़क व नाली की समस्या को प्रमुखता से उठाया। नाली की सफाई का काम सात दिनों में करने का निर्देश अफसरों को दिया। वहां से गुजरते समय दयाराम ने केंद्रीय मंत्री को रोक लिया। कहा कि दीदी, मेरा घर जर्जर है, मेरे पास आवास नहीं है। निर्मला, विमला व सरोजा ने भी आवास की मांग की। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कहा कि दिखवा लें, इनका नाम सूची में है या नहीं, नहीं है तो बढ़वाएं।
कमालपुर में श्मसान की जमीन पर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की गई। ग्रामीणों ने नलकूप की नालियां टूटी होने से सिंचाई में आ रही समस्या के बारे में अवगत कराया। अजबगढ़ के भावनशाहपुर में बिजली ट्रांस फार्मर का लोड बढ़ाने की मांग की। पूरे पुदयी की सुरजा देवी ने घर गिरने की शिकायत की। राम गोपाल ने बरात घर की मांग की। शिवपुर की गुड़िया को त्वचा संबंधी शिकायत थी, इस पर उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया।
मछरिया में केंद्रीय मंत्री के पहुंचते ही बारिश तेज हो गई। उन्होंने बरामदे में खडे-खड़े कार्यक्रम को सुना, यहां पर ग्रामीणों ने 700 मीटर इंटरलाकिंग सड़क की मांग की, जिस पर 300 मीटर मनरेगा और 400 मीटर सांसद निधि से कराने के निर्देश दिए।
होटल पर पी चाय, साझा कीं यादें
चौहान मार्केट हरगांव में केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा की। साथ ही क्षेत्र के विकास को लेकर भी उनका सुझाव लेते हुए सरकार की नीतियों पर प्रकाश डाला।
मछरिया में जन सुनवाई के साथ ही केंद्रीय मंत्री ने बच्चों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। पढ़ाई के बारे में पूछा, महिलाओं से आत्मीय संवाद किया।
इनसेट
काटा केक, दी बधाई
केंद्रीय मंत्री से मिलने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी जगदीशपुर स्थित गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां पर उनके जन्मदिन का केक काटकर उन्हें बधाई दी गई। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय, जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी, सुधांशु शुक्ला, दया शंकर यादव, महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा बाजपेई, राकेश विक्रम सिंह, विक्की सिंह, हेमन्त विक्रम सिंह, अरुण सिंह, गीता सिंह, राकेश त्रिपाठी, राम प्रसाद मिश्रा, आदि मौजूद रहे।
229.28 करोड़ का बांटा ऋण
जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित मेगा ऋण वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने फीता काटकर किया। कहा कि उनका संकल्प है कि अमेठी में उद्योग बढ़े, जिससे रोजगार सृजन हो। कहा कि स्थानीय विधायक व जनप्रतिनिधियों ने बैंकों के माध्यम से ऋण वितरित किया, ऐसा पहले नहीं होता था। यहां पर दस राष्ट्रीय बैंक सम्मलित हुए, कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की मंशा है कि बैंक किसान व छोटे व्यापारियों को लोन देने के लिए उनके घर जाएं। उनकी मंशा के अनुरूप यहां पर काम हो रहा है। उन्हाेंने अमेठी के 70 गांवों में ऐसे शिविर को आयोजित करने पर जोर दिया।
एमएलसी शैलेंद्र सिंह, विधायक सुरेश पासी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, बॉब के महाप्रबंधक राजेश सिंह ने भी विचार व्यक्त किया। सीडीओ सान्या छाबडा,पूर्व जिला पंचायत सदस्य राकेश किक्रम सिंह,उपायुक्त उद्योग राजीव पाठक, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय,एलडीएम विमल गुप्ता, इं संजय सिंह, हेमंत विक्रम सिंह आदि मौजूद थे।