सिंहपुर (अमेठी)। तिलोई ब्लॉक क्षेत्र के सेमरौता स्थित बाबा उजियारनाथ मंदिर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में अयोध्या से पधारे प्रवाचक बिपिन बिहारी दास ने बताया कि भागवत कथा सुनने से मनुष्य के जीवन की व्यथा दूर हो जाती है।
प्रवाचक ने कहा कि भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म, ज्ञान का विस्तृत वर्णन मिलता है। भागवत कथा सुनने से मनुष्य के जीवन की व्यथाएं धीरे-धीरे समाप्त होने लगती हैं। कथा के माध्यम से मन, बुद्धि और आत्मा का शुद्धिकरण होता है। जब मन शांत होता है, तो दुख, चिंता और पीड़ा का प्रभाव भी कम होने लगता है। इसके अलावा कथा श्रवण से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। श्रद्धा और भक्ति की भावना जागृत होती है, जो मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक होती है।
प्रवाचक ने कहा कि कथा का वातावरण, संतों की वाणी और भजनों की मधुरता व्यक्ति के भीतर आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करती है। इससे जीवन के प्रति दृष्टिकोण भी बदलता है और व्यक्ति हर परिस्थिति में भगवान पर विश्वास रखते हुए धैर्य बनाए रखता है। भागवत कथा न केवल दुखों का समाधान देती है, बल्कि मोक्ष का मार्ग भी प्रशस्त करती है। जो व्यक्ति श्रद्धा से इसका श्रवण करता है, उसके जीवन में शांति, प्रेम और आनंद का वास होता है। इस दौरान घनश्याम तिवारी, हिमांशु अवस्थी, बद्री मिश्र, अजय सोनी, अशोक सोनी, श्रीकांत पाण्डेय, अंकित, सक्षम मिश्र, तारकनाथ बाजपेई, श्यामू मिश्र आदि मौजूद रहे।