अमेठी सिटी। जिले में रबी बोआई के दौरान डीएपी की किल्लत के बीच करीब 1361.28 एमटी डीएपी व एनपीकेएस की रैक गौरीगंज रेलवे पहुंच गई। मंगलवार को यहां से इफको व सहकारी समितियों पर इसे भेजा गया। वहीं, नजदीक के कुछ केंद्रों पर किसानों को खाद बांटी गई।
जिला मुख्यालय से दूर वाले केंद्रों पर बुधवार को खाद का वितरण हो सकता है। खाद की रैक आने की सूचना से क्रय केंद्रों पर किसानों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगहों पर खाद वितरण के दौरान पुलिस लगानी पड़ी। पुलिस कर्मियों ने लाइन लगवा कर खाद का वितरण कराया। जिले में मंगलवार को 1361.28 मीट्रिक टन उर्वरक पहुंच गई है। इसमें 915.03 मीट्रिक टन डीएपी व 446.25 मीट्रिक टन एनपीकेएस पहुंची है।
रेलवे स्टेशन से डीएपी व एनपीकेएस को ट्रैकों से सरकारी समितियों व इफको केंद्रों पर भेजा जा रहा है। डीएपी का वितरण शुरू हो गया है। इसकी सूचना मिलते ही सुबह से ही इन केंद्रों के बाहर भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। देखते ही देखते लंबी कतारें लग गईं। जानकारी के अभाव में सिर्फ आधार कार्ड लेकर आए किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
वहीं, कई किसानों ने आरोप लगाया कि उन्हें सिर्फ डीएपी चाहिए थी, लेकिन जबरन नैनो डीएपी व एनपीकेएस दी जा रही है। नैनो डीएपी साथ में देने से कई किसान वापस लौट गए। वहीं, अमेठी एग्रो पर 12000 बोरी डीएपी व एनपीके पहुंच गई। केंद्र प्रभारी सुभासिनी श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को तहसीलदार, लेखपाल व पुलिस की मौजूदगी में वितरण होगा।
बोले किसान, एक बोरी पर भी दे रहे नैनो डीएपी, नहीं है पैसा
गौरीगंज इफको केंद्र पर करीब 600 बोरी डीएपी व एनपीके मंगलवार सुबह पहुंची तो किसानों की कतार लग गई। यहां मौजूद पठान का पुरवा निवासी निशा ने बताया कि पांच दिन से वह डीएपी ढूंढ रही हैं। आज यहां डीएपी आने पर लाइन में लग गईं। नैनो यूरिया भी साथ में दे रहे थे। पैसे कम थे और खतौनी भी नहीं थी। ऐसे में डीएपी नहीं मिली है। उसरापुर गांव निवासी लल्लन प्रजापति ने बताया कि तीन दिनों से डीएपी के लिए चक्कर काट रहा हूं। आज यहां आया हूं। पठानपुर की सुनीता ने बताया कि सुबह से लाइन में लगी हूं, उम्मीद है कि शाम तक डीएपी मिल जाएगी। यदि नैनो डीएपी देंगे तो पैसा कम होने से खाद नहीं ले पाऊंगी। इनके अलावा डीएपी लेने पहुंचे किसान कामता प्रसाद व लवकुश ने भी अपनी समस्याएं बयां कीं।
दरोगा की निगरानी में वितरित हो पाई खाद
संग्रामपुर स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर खाद पहुंचने के बाद किसानों की लंबी कतार लग गई। टोकन वितरण में हंगामा और भारी भीड़ के बीच पुलिस बुलानी पड़ी। क्षेत्र के दरोगा राम प्रकाश यादव ने पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर खाद का वितरण कराया। यहां करीब 600 बैग डीएपी और 200 बैग मिक्स्चर खाद पहुंची है। केंद्र प्रभारी चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि एक बोरी डीएपी व एक तरल नैनो यूरिया भी दी जा रही है।
पहुंचाई जा रही खाद
एआर सहकारिता मित्रसेन वर्मा ने बताया कि जिले में कुल 89 साधन सहकारी समितियां हैं। इनमें से 14 समितियां बंद हैं। 75 संचालित समितियों पर डीएपी व एपीके पहुंचाई जा रही है। मंगलवार को 40 साधन सहकारी समितियों पर करीब 9000 डीएपी व एनपीके की बोरियां पहुंचाई गई हैं। वहीं, जिले में स्थित पांच इफको केंद्र गौरीगंज, अमेठी, जायस, मुसाफिरखाना व संग्रामपुर पर 320 एमटी डीएपी व एनपीके पहुंच गई है। बुधवार को 35 साधन सहकारी समितियों पर 7500 बोरी डीएपी व एनपीके बोरी पहुंच जाएगी।
समस्या पर करें फोन
जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बयान जारी कर दावा किया है कि जिले में 13,953 एमटी यूरिया, 1862 एमटी डीएपी, 119 एमटी पोटास, 1248 एमटी एनपीके व 2161 एमटी सिंगल सुपर फास्फेट उपलब्ध है। इफको की 915 एमटी डीएपी व 446 एमटी एनपीके आ गई है। जल्द ही जिले को इफको की एक फुल रैक डीएपी मिल जाएगी। उर्वरक से संबंधित समस्या पर किसान मोबाइल नंबर 7275991287 व 9473713234 पर सुबह 10 से पांच बजे तक फोन कर सकते हैं।