अमेठी सिटी। गर्मी में ओवर लोडिंग के चलते ट्रांसफार्मर जल रहे हैं तो वहीं जर्जर तार भी बिजली व्यवस्था धड़ाम कर रहे हैं। मंगलवार को शहर से लेकर गांवों तक बिजली की आवाजाही रही।
जिला मुख्यालय गौरीगंज में रात के समय पांच से छह बार शटडाउन लेने की नौबत आ रही है। कई बार ट्रिपिंग होने से लोगों की परेशानी बढ़ जा रही है। सोमवार की रात तहसील रोड पर तीन बार तो जीजीआईसी फीडर में पांच बार शट डाउन लिया गया। पूरी रात लोगों को जागकर बितानी पड़ी।
जायस के सलोन फीडर में अशरफपुर गांव में 11 केवी तार टूट जाने से चार गांवों की आपूर्ति रात भर बाधित रही। लाला का पुरवा, अहिरन का पुरवा, सदऊ का पुरवा, अशरफपुर गांव में लोगों को बिना बिजली के रात बितानी पड़ी। बाजार शुकुल के ग्राम दरवानीपुर में खंभे से बिजली का तार टूट गया तो आपूर्ति ठप रही। बाजार शुकुल के अंदीपुर गांव में ट्रांसफार्मर खराब होने से लो वोल्टेज की दिक्कत हो गई है। पाली गांव में एलटी लाइन का तार गिर गया।
राजकीय नलकूप इंदरिया में एक माह से खराब ट्रांसफार्मर मंगलवार को पहुंचा। बीडीसी सदस्य भूपेंद्र विक्रम सिंह सोनू ने बताया कि ट्रांसफार्मर राजकीय नलकूप पर लगाया जा रहा है। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण ने बताया कि फाल्ट ठीक करने के लिए शट डाउन लिया जाता है। जिले में आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।
जल गए 13 ट्रांसफार्मर अमेठी सिटी। जिले में कुल 13 ट्रांसफार्मर जल गए। जिससे लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। जिसमें अमेठी डिवीजन के बड़गांव, भेटुआ, बेनीपुर में एक-एक, गौरीगंज के बन्नाटीकर में दो, जामो में दो, बहोरखा में एक ट्रांसफार्मर जल गया। जगदीशपुर के दखिनवारा में एक, जगदीशपुर उपकेंद्र पर दो, सित्थन में एक, बाजार शुकुल में एक ट्रांसफार्मर जला है।