गौरीगंज (अमेठी)। बहादुरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत किशुनपुर केवई में तैनात लेखपाल जितेंद्र यादव पर पैमाइश के नाम पर घूस मांगने का आरोप लगा है। एसडीएम ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
तिलोई तहसील क्षेत्र के गांव किशुनपुर केवई गांव निवासी राजेश ने एसडीएम कोर्ट में हदबरारी वाद दायर किया था। इसमें पैमाइश का आदेश होने के बाद गांव में तैनात लेखपाल जितेंद्र यादव उनसे पैसों की मांग करने लगा। लेखपाल का कहना था कि बिना पैसा लिए अधिकारी नहीं मानेंगे। किसान के अनुसार, उसने तीन किश्त में लेखपाल को 36 हजार रुपये दे दिया। बावजूद इसके उनकी डिमांड दिन प्रतिदिन बढ़ने लगी।
इससे किसान परेशान हो गया।किसान ने लेखपाल को पहले दिए रुपये की बातचीत का दौरान ऑडियो बना कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ऑडियो वायरल होते ही राजस्व विभाग की जमकर किरकिरी हो रही है। राजेश का दावा है कि वायरल ऑडियो में दूसरी आवाज लेखपाल जितेंद्र यादव की है।
लेखपाल जितेंद्र ने वायरल ऑडियो को फर्जी बताया है। एसडीएम फाल्गुनी सिंह ने बताया कि उन्हें इस प्रकार के वायरल ऑडियो की जानकारी नहीं है। जांच कराई जाएगी और लेखपाल के भ्रष्टाचार की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।