डीएम को ज्ञापन देते लेखपाल संघ जिलाध्यक्ष। स्रोत : संगठन
अमेठी सिटी। तहसील गौरीगंज में एसडीएम की कार्यशैली को लेकर लेखपाल संघ का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर एसडीएम को गौरीगंज से हटाने और लेखपाल अरुण तिवारी का निलंबन वापस लेने की मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो मंगलवार से जिले के सभी लेखपाल अतिरिक्त क्षेत्रों का चार्ज छोड़कर आंदोलन शुरू करेंगे।
संघ ने आरोप लगाया कि आय प्रमाणपत्र से जुड़े मामले में अरुण तिवारी को उनका स्पष्टीकरण और पक्ष रखने का अवसर दिए बिना निलंबित कर दिया गया। जिलाध्यक्ष के मुताबिक दो सितंबर को तहसील कार्यकारिणी निलंबन के विरोध में एसडीएम को ज्ञापन देने पहुंची थी। आरोप है कि पहले ज्ञापन लेने से इन्कार किया गया। विरोध के बाद ज्ञापन लिया गया। इस दौरान लेखपालों का पक्ष सुनने से भी इन्कार किए जाने का आरोप है।
लेखपाल संघ ने विरोध के बाद कुछ लेखपालों के स्थानांतरण किए जाने पर भी नाराजगी जताई है। संघ का आरोप है कि विरोध में आवाज उठाने वाले लेखपालों के स्थानांतरण से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ा है। ज्ञापन में एसडीएम की पूर्व तैनाती सलेमपुर तहसील में लेखपालों से जुड़े विवादों और कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है। जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर एसडीएम को हटाने, अरुण तिवारी का निलंबन वापस लेने और स्थानांतरण की कार्रवाई की समीक्षा कराने की मांग की।