मुसाफिरखाना तहसील परिसर में प्रदर्शन करते अधिवक्ता। स्रोत : स्थानीय नागरिक
मुसाफिरखाना। एसडीएम के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। कई न्यायिक अधिकारियों के नहीं आने से वादों की सुनवाई टल गई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ल के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। यह प्रदर्शन 30 दिसंबर से लगातार चल रहा है, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के चलते सोमवार को भी कई अदालतों में सुनवाई नहीं हो सकी। एसडीएम की अदालत में 70, एसडीएम न्यायिक की अदालत में 114, तहसीलदार की अदालत में 62 और नायब तहसीलदार जगदीशपुर की अदालत में 35 मुकदमे सूचीबद्ध थे। संबंधित अधिकारियों के तहसील में मौजूद न रहने से इन मामलों में सुनवाई नहीं हो पाई।
इससे वादकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि नायब तहसीलदार मुसाफिरखाना की अदालत में 31 मुकदमों की सुनवाई की गई। अधिवक्ताओं का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन में रमानाथ तिवारी, सत्यम शुक्ला, इमरान खान, दीपक गिरि और दीपक पांडेय आदि मौजूद रहे।