09 : गौरीगंज : कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते अधिवक्ता। -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। भादर ब्लॉक के कुरंग गांव निवासी अधिवक्ता की सोमवार रात मौत पर मंगलवार को अधिवक्ता शोक प्रस्ताव भेजकर न्यायिक कार्य से विरत हो गए। शोक प्रस्ताव के बाद डीएम कोर्ट संचालित करने लगे तो अधिवक्ता आक्रोशित हो गए। वकीलों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए डीएम समेत अन्य अफसरों का विरोध किया। विरोध के बाद भी डीएम ने वादों की सुनवाई जारी रखी। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने डीएम कोर्ट का न्यायिक बहिष्कार करने का एलान करते हुए वृहद आंदोलन की चेतावनी दी है।
पीपरपुर थाने के कुंरग गांव निवासी विवेक विक्रम सिंह सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय में शासकीय अधिवक्ता पद पर कार्यरत थे। सोमवार रात राजेश विक्रम सिंह की मौत के बाद मंगलवार को जिले के अधिवक्ता भी गमगीन हो गए। जिला बार एसोसिएशन जिलाध्यक्ष छोटेलाल तिवारी व महामंत्री उमाशंकर मिश्र की अगुवाई में शोकसभा आयोजित कर न्यायिक कार्य से विरत रहने की घोषण करते हुए शोक प्रस्ताव सभी कोर्ट भेजकर न्यायिक कार्य मंगलवार को बंद करने की मांग की।
शोक प्रस्ताव के बावजूद डीएम राकेश कुमार मिश्र न्यायिक कार्य करने कोर्ट पहुंच गए तो कुछ अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य न करने की बात कही। बावजूद इसके डीएम वादों की सुनवाई करने लगे। इसपर अधिवक्ता आक्रोशित हो गए। कलेक्ट्रेट में हंगामा व नारेबाजी करते हुए डीएम समेत अन्य पीठासीन अधिकारियों की कार्यशैली का विरोध किया। वकीलों ने डीएम कोर्ट में न्यायिक कार्य बहिष्कार करने के साथ ही वृहद आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर केवल प्रसाद शुक्ल, राजेंद्र प्रसाद शुक्ल व शशिलेस शुक्ल समेत बड़ी संख्या में वकील मौजूद रहे।